बिहार विधानसभा में बुधवार को मद्य निषेध और उत्पाद संशोधन विधेयक-2022 पास हो गया। यानी अब पहली और दूसरी बार शराब पीकर पकड़े जाने पर जुर्माना देकर छूट सकते हैं। जुर्माना नहीं देने पर एक महीने की जेल होगी। विधानसभा की सुबह कार्यवाही शुरू होते ही कानून व्यवस्था और शराबबंदी को लेकर जमकर हंगामा हुआ।
पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने पटना में लगातार हो रही हत्या पर कहा कि सरकार पूरी तरह फेल हो चुकी है। कानून व्यवस्था की स्थिति बिल्कुल खराब है। सरकार से कानून व्यवस्था नहीं संभल पा रहा है और हालात बिहार के काफी खराब है। कोई सुरक्षित नहीं है और बिहार की हालत काफी खराब है। कोई भी सुरक्षित नहीं है।
पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने भारतीय जनता पार्टी द्वारा राज्य में योगी मॉडल लागू किए जाने पर तंज कसते हुए कहा कि कौन रोक रखा है, योगी को बिहार का मुख्यमंत्री बना दीजिए और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बना दीजिए।
वहीं, उत्तर प्रदेश में मिली शानदार जीत के बाद बीजेपी इन दिनों बिहार में भी अपने घटक दल पर हावी होती नजर आ रही है। इसी कड़ी में बीजेपी के विधायक और पूर्व मंत्री विनय बिहारी ने बिहार के उपमुख्यमंत्री तार किशोर प्रसाद की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने कई अच्छे काम किए हैं। इतना ही नहीं बीजेपी के तमाम विधायक जो हैं, वह भी तार किशोर प्रसाद से खुश हैं। ऐसे में अगर मौका मिले तो उन्हें मुख्यमंत्री बनाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा है कि अब बिहार में योगी मॉडल चलना चाहिए। क्योंकि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार में अब वह 2005 वाला जोश नहीं रहा।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा- लोगों को प्रताड़ित कर रही है सरकार
शराब बंदी कानून में संशोधन पर पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार यही कर सकती है। सरकार से कुछ नहीं संभल रहा है और बिहार में लगातार शराब मिल रहा है और सरकार शराब बंदी कानून को पालन करने में लोगों को प्रताड़ित कर रही है।
शराबबंदी संशोधन में छूट भी है और कड़ाई दी है
मंत्री संजय झा ने शराबबंदी संशोधन विधेयक पेश होने पर कहा कि मुख्यमंत्री ने जिस तरीके से राज्य में शराबबंदी कानून को सभी के सहयोग से लागू किया। इससे समाज में बहुत ही सकारात्मक संकेत गया है और इस संशोधन में छूट भी है और कड़ाई दी है। उन्होंने कहा कि पक्ष विपक्ष सभी लोगों ने शराबबंदी कानून के पक्ष में हाथ उठाकर अपना समर्थन दिया था। इसे सभी को याद रखना चाहिए।
सदन समाप्ति के बाद 'बसन्तोत्सव' का हुआ आयोजन
आज शाम बिहार विधानसभा बजट सत्र 2022 के समाप्ति की पूर्व संध्या पर 'बसन्तोत्सव' के अंतर्गत सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विधानसभा अध्यक्ष विजय सिन्हा ने अपने आवास पर इस कार्यक्रम का आयोजन किया था। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री तार किशोर प्रसाद, विधानसभा अध्यक्ष विजय सिन्हा और मंत्री विजय चौधरी ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस मौके पर सभी मंत्री और सभी दलों के विधायक मौजूद रहे। कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भी पहुंचे।
इधर, AIMIM के विधायक अख्तरूल ईमान को चलते सत्र के दौरान सदन से मार्शल द्वारा बाहर कर दिया गया, जब वो अपने क्षेत्र से जुड़े एक बांध का मामला उठा रहे थे। विधानसभा अध्यक्ष ने इनके रवैये से खफा होकर उन्हें मार्शल द्वारा सदन से बाहर करने का आदेश दिए और फिर उन्हें बाहर कर दिया गया। इधर इस कार्रवाई से खफा होकर अख्तरूल ईमान विधानसभा गेट के समीप धरना पर बैठ गए।
No comments:
Post a Comment